अबोहर में बुजुर्ग को आवारा कुत्तों ने काटा:साइकिल पर जाते समय टांग को नोचा, नगर निगम ने टीकाकरण अभियान रोका
फाजिल्का के अबोहर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। सरकारी अस्पताल में रोजाना 10 से 15 लोग कुत्तों के काटने के शिकार होकर पहुंच रहे हैं। शनिवार को धर्म नगरी के 80 वर्षीय बंता सिंह को कुत्तों ने बुरी तरह काट लिया। वे साइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। कुत्तों ने उनकी एक टांग का मांस नोच लिया। परिजन उन्हें सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। शहर की हर गली में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसके साथ ही बेसहारा पशु, खासकर सांड भी आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। कुत्ते अक्सर बच्चों और बुजुर्गों को निशाना बनाते हैं। निगम ने रोका टीकाकरण अभियान नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने बताया कि गर्मी के कारण कुत्तों का टीकाकरण अभियान फिलहाल रोक दिया गया है। मौसम ठीक होने पर वेटरनरी विभाग की टीम के साथ मिलकर टीकाकरण शुरू किया जाएगा। नर सेवा नारायण सेवा समिति के प्रधान राजू चराया के अनुसार, शेल्टर होम बनाकर कुत्तों की नसबंदी ही इस समस्या का समाधान है। हालांकि, नगर निगम की शेल्टर होम की योजना अभी अटकी हुई है।

What's Your Reaction?






