खन्ना में पुलिसकर्मियों से डंडे छीनकर मारपीट:ASI गंभीर घायल; रात में 2 युवकों को पकड़ा, थाने ले जाते समय दोस्तों ने किया हमला
खन्ना में पांच युवकों ने गश्त कर रही पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों से डंडे छीनकर एएसआई सुखविंदर सिंह पर हमला किया, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें खन्ना सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही है। युवकों को थाने ले जाते समय हमला घटना सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे की है। खन्ना पुलिस की पीसीआर टीमें अलग-अलग बाइक पर गश्त कर रही थी। एएसआई सुखविंदर सिंह के अनुसार, वे रेलवे रोड से गुजर रहे थे। तभी रेलवे स्टेशन की तरफ से दो संदिग्ध युवक बाइक पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। पहचान पत्र की जांच के लिए सिटी थाने ले जाने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान दोनों युवकों ने अपने तीन अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। जैसे ही पुलिस पार्टी रेलवे रोड चौक पर पहुंची, तीन और युवक वहां आ गए। पांचों ने मिलकर अचानक पुलिस पर हमला कर दिया। 2 आरोपी गिरफ्तार, 3 मौके से फरार हमलावरों ने पुलिसकर्मियों से छीने डंडों से ही एएसआई सुखविंदर सिंह पर वार कर दिए। इससे उनके हाथ और सिर में चोटें आईं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया। तीन हमलावर फरार हैं। गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के आधार पर अन्य फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले की जांच कर रही पुलिस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सीनियर अफसरों ने सिविल अस्पताल पहुंचकर एएसआई का हालचाल जाना। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस पर हमला बेहद गंभीर अपराध है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?






