प्रधान की पतोह 14 घंटे से लापता:बाजार जाने निकली महिला का सिर्फ मोबाइल और सिक्का मिला, ड्रोन से तलाश जारी
बलरामपुर के थाना हरैय्या सतघरवा अंतर्गत ग्राम पंचायत बनकटी बृजवासी पुरवा में बुधवार शाम ग्राम प्रधान की बहू कमला देवी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला शाम करीब 7 बजे साप्ताहिक बाजार महमूद नगर जाने के लिए घर से निकली थी। जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने पहले खुद आसपास तलाश की। कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस व वन विभाग को सूचना दी गई। रात करीब 10 बजे से लेकर तड़के 2 बजे तक तीन गांवों के लोग, स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम महिला की तलाश में जुटी रही। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फूलचंद ने बताया, "मेरी बहू कमला देवी बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी। लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बावजूद अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।" घटना स्थल से लगभग 700 मीटर दूर एक बगीचे के पास कमला देवी का छोटा मोबाइल फोन और 10 रुपए का सिक्का बरामद हुआ है। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजयपाल यादव, पुलिस व वन विभाग की टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। कमला देवी की शादी करीब 18 साल पहले जयपत्तर से हुई थी। उनके दो बेटे हैं 13 वर्षीय जीत और11वर्षीय सुभाजीत। दोनों गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ते हैं। महिला का पति परिवार की आजीविका के लिए मुंबई में मजदूरी करता है। परिजनों के अनुसार घटना की सूचना रात 8 बजे मिली थी। तब से लगातार खोजबीन जारी है। फिलहाल महिला की तलाश जारी है। लेकिन 14 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और बेचैनी का माहौल है।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द महिला को खोज निकालने की मांग की है। मामले पर जानकारी देते हुए थाना प्रभारी हरैया हरिश सिंह ने बताया कि सूचना के बाद तत्काल पुलिस पहुंची है वन विभाग की टीम के साथ तलाश जारी है।ड्रोन कैमरे से भी महिला की तलाश की जा रही है। लेकिन अभी पता नहीं चल पाया है।

What's Your Reaction?






