रक्षाबंधन पर बहनों को तोहफा:8 से 10 अगस्त तक बसों में मुफ्त यात्रा, जौनपुर डिपो से चलेंगी 20 अतिरिक्त बसें
रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए जौनपुर में परिवहन निगम ने विशेष तैयारियां की हैं। बहनों को भाइयों के घर जाने में सुविधा हो, इसके लिए जौनपुर डिपो से 20 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। जौनपुर डिपो इंचार्ज बीके सिंह ने बताया कि अधिक यात्रियों वाले मार्गों पर फेरे बढ़ाए जाएंगे। डिपो में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वर्तमान में जौनपुर डिपो में कुल 97 बसें हैं। इनमें 80 बसें निगम की और 17 बसें अनुबंधित हैं। ये बसें प्रतिदिन लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, अयोध्या, आजमगढ़, मऊ, शाहगंज, मिर्जापुर आदि स्थानों तक संचालित होती हैं। रक्षाबंधन का त्योहार 9 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाइयों के घर जाकर राखी बांधेंगी। त्योहार से दो-तीन दिन पहले से ही यात्रियों का आवागमन बढ़ जाएगा। बसों और ट्रेनों में भीड़ बढ़ने की संभावना है। परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। स्थानीय मार्गों पर भी फेरे बढ़ाए जाएंगे। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। रक्षाबंधन पर परिवहन निगम ने बहनों को खास तोहफा दिया है। 8 अगस्त की सुबह से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक बहनें बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। आमतौर पर इस अवसर पर बहनों को भाई के घर जाने के लिए यात्रा करनी पड़ती है। यह निःशुल्क यात्रा सुविधा राज्य परिवहन निगम की बसों में महिलाओं और लड़कियों के लिए उपलब्ध रहेगी। इस पहल से बहनों को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अपने भाइयों से मिलने में आर्थिक सहायता मिलेगी।

What's Your Reaction?






