संगरूर के लांसनायक सिक्किम में शहीद:बर्फ हटाते समय बुलडोजर पलटा, 10 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे
सिक्किम में ड्यूटी के दौरान संगरूर जिले के 29 वर्षीय जवान रिंकू सिंह शहीद हो गए। सेना की 55 इंजीनियर रेजिमेंट में लांस नायक के पद पर तैनात रिंकू सिंह पर बर्फ हटाने के दौरान बुलडोजर अचानक असंतुलित होकर गिर पड़ा, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। जानकारी के अनुसार, रिंकू सिंह गांव नमोल के रहने वाले हैं और करीब 10 साल पहले भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। सिक्किम में अपनी पोस्टिंग के दौरान वे मंगलवार को अपने साथियों के साथ सड़क पर जमी बर्फ हटा रहे थे। इस दौरान हादसा हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल शहीद जवान की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी शहीद के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार सेना की ओर से बताया गया है कि शहीद जवान का पार्थिव शरीर जल्द ही उनके पैतृक गांव लाया जाएगा। जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। रिंकू सिंह की शहादत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सीमावर्ती इलाकों में तैनात सैनिक हर परिस्थिति में देश की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं।

What's Your Reaction?






