गाजीपुर में बाढ़ पीड़ितों के लिए कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन:राज्यपाल के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन, प्रशासनिक लापरवाही पर जताया विरोध
गाजीपुर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरजू पांडे पार्क में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बाढ़ की भयावह स्थिति और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के लिए एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। जिला अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि बाढ़ पीड़ितों के पास न भोजन है और न ही रहने की व्यवस्था है। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने सरकार पर केवल घोषणाएं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जमीनी हकीकत में बाढ़ पीड़ितों की मदद नहीं की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से मांग की है कि जिलाधिकारी को तत्काल राहत कार्यों को सक्रिय करने के निर्देश दिए जाएं। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन की अनदेखी जारी रही तो वे सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शन में चंद्रिका सिंह, अरविंद मिश्रा, हामिद अली, राजेश गुप्ता, राम नगीना पांडे, सतीश उपाध्याय, रईस अहमद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

What's Your Reaction?






