12 करोड़ की योजना से बदलेगा बस्ती का चंदों ताल:इको टूरिज्म के रूप में विकसित होगा, कैक्टस पार्क और वॉच टावर भी बनेंगे
बस्ती के नगर क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक चंदों ताल को इको टूरिज्म के रूप में विकसित किया जाएगा। वर्षों से उपेक्षित इस ताल को नई पहचान दिलाने के लिए वन विभाग ने 12 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजा है। 12 हेक्टेयर में फैले इस ताल की खूबसूरती को निखारने के लिए कई योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। इनमें कैक्टस पार्क, वॉच टावर, झूले, ताल की पूरी सफाई और एक छोटा कृत्रिम ताल शामिल है। इस योजना का उद्देश्य क्षेत्र के पर्यावरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को प्राकृतिक पर्यटन की ओर प्रेरित करना है। वन क्षेत्राधिकारी (डीएफओ) सरीन सिद्दीकी ने बताया कि चंदों ताल की सुंदरता और प्राकृतिक महत्व को देखते हुए इसे इको टूरिज्म साइट के रूप में विकसित किया जाएगा। इस प्रस्ताव पर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता के साथ बैठक हो चुकी है। स्थानीय प्रशासन इस पर गंभीरता से काम कर रहा है। डीएफओ ने बताया कि चंदों ताल का ऐतिहासिक महत्व भी है। इसके पुनरुद्धार से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही जिले को एक नया पर्यटन केंद्र भी मिलेगा। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए इस क्षेत्र में वृक्षारोपण और जैव विविधता संरक्षण पर भी ध्यान दिया जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद आने वाले महीनों में इस योजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे बस्ती के पर्यटन मानचित्र पर चंदों ताल एक नई पहचान के साथ उभरेगा।

What's Your Reaction?






