कानपुर में गर्लफ्रेंड से मिलने गए युवक की हत्या:खाली प्लॉट में लाश ईंटों से दबाई; मां बोली- हत्यारों को मौत की सजा मिले
कानपुर में 3 दिन से लापता युवक की लाश उसके घर से सिर्फ 50 मीटर दूर मिली। कातिलों ने लाश को मस्जिद के बगल के खाली प्लॉट में ईंटों से दबा दिया था। बुधवार सुबह प्लॉट से बदबू आने पर लोगों ने नगर निगम से सफाई कर्मचारी बुलवाए। सफाई के दौरान प्लॉट में लाश होने की बात सामने आई। इसके बाद मोहल्लेवालों की भीड़ लग गई। पता चला कि बॉडी इस प्लॉट के करीब ही रहने वाले रज्जन गौतम के बेटे सुमित की है। पुलिस को सुमित के लव अफेयर के बारे में पता चला है। परिवार ने बताया कि 3 अगस्त की रात सुमित को एक कॉल आई थी। वो उसकी प्रेमिका की बताई जा रही है। सुमित मिलने गया था। लड़की सिर्फ 5 घर छोड़कर रहती है। आरोप है, लड़की के परिवारवालों ने ही सुमित को मार डाला। इसके बाद घर के पास के प्लॉट में लाश दबा दी। अब पुलिस इस मामले को ऑनर किलिंग मानते हुए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। यह मामला पुराना मसवानपुर का है। सुमित कैसे गायब हुआ, ये जानिए 5 घर दूर रहने वाली लड़की से लव अफेयर था मसवानपुर में रज्जन गौतम गोविंदनगर की पान मसाला फैक्ट्री में काम करते हैं। परिवार में पत्नी सुनीता और 4 बच्चे खुशबू, सुमित (18), पायल और नैना हैं। उनके चचेरे भाई अनिकेत लाजपतनगर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि सुमित शादी पार्टी में वेटर का काम करता था। सुमित के घर से 5 घर छोड़कर एक परिवार रहता है। उनकी लड़की से करीब 2 साल से सुमित का लव अफेयर चल रहा था। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे। रात 8 बजे कॉल आई, सुमित मोबाइल घर पर छोड़कर निकल गया अनिकेत ने बताया- 3 जुलाई की रात सुमित घर पर ही था। रात 8 बजे सुमित के पास फोन आया। सबको यही पता था कि वह अपनी गर्लफ्रेंड से बात कर रहा है। उसी ने मिलने बुलाया था। इसके बाद सुमित कॉल हिस्ट्री डिलीट करके मोबाइल घर पर ही छोड़कर चला गया था। फिर वो लौटकर नहीं आया। रात 12 बजे तक परिवारवाले इंतजार करते रहे। फिर ढूंढना शुरू किया। उसके दोस्तों और रिश्तेदारों को फोन किए गए। लेकिन, आधी रात तक कुछ पता नहीं चला। इसके बाद घरवालों ने रावतपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 4 और फिर 5 अगस्त को भी परिवार सुमित की तलाश करता रहा। तैयारी थी कि शहर में सुमित की गुमशुदगी के पोस्टर चस्पा किए जाएं। अब लाश कैसे मिली, ये जानिए बदबू आने पर सफाई कर्मचारियों को लाश मिली बुधवार को फर्रा मस्जिद के आसपास रहने वालों को बदबू महसूस हो रही थी। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को बुलाया। मस्जिद के बगल में एक खाली प्लॉट था। यहां लोग कूड़ा फेंकते हैं। कर्मचारियों ने इस प्लॉट को साफ करना शुरू किया। दोपहर करीब 1 बजे सफाई कर्मचारियों को पता चला कि प्लॉट में ईंटों के नीचे एक लाश दबी है। इसके बाद हल्ला मचा और पुलिस को बुलाया गया। चूंकि सुमित का घर करीब ही था, इसलिए उसके परिवार वाले भी यहां पहुंच गए। उन्होंने कपड़ों से अपने बेटे की लाश को पहचान लिया। घरवालों का आरोप, लड़की के पिता ने हत्या कर दी घरवालों ने मोहल्ले में रहने वाली लड़की के पिता पर हत्या करने आरोप लगाया। उनका आरोप है कि 4 जुलाई को लड़की के पिता घर आए थे। उन्होंने बेटे की हत्या करने की धमकी दी थी। वहीं शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची रावतपुर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। सामने आया है कि सुमित जो मोबाइल घर पर छोड़ गया था, उसकी कॉल डिटेल डिलीट कर दी थी। गर्लफ्रेंड की बहन ने कहा- सुमित मेरी बहन को धमका रहा था जिस लड़की को सुमित की गर्लफ्रेंड बताया जा रहा है, उसकी बहन ने कहा- सुमित लगातार मेरी बहन पर शादी करने का दबाव बना रहा था। जबकि मेरी बहन ने उससे कहा था कि तुम मेरे भाई की तरह हो। ये ठीक बात है कि उस रात बहन से उसको बुलाया था, मगर सिर्फ समझाने के लिए। उस रात सुमित ने मेरी बहन का कोई वीडियो बनाया था। उसको वायरल करने की धमकी दे रहा था। मेरे पापा उसी वीडियो को डिलीट करवाने गए थे। मेरी बहन तो उसी लड़के को प्यार करती है, जिससे उसकी 2 महीने पहले शादी तय हुई है। मेरे पापा पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। पुलिस की जांच में सब साफ हो जाएगा। ADCP वेस्ट कपिल देव सिंह ने बताया- लाश मिलने के बाद पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। परिवार के आरोपों के आधार पर लड़की के परिवार से पूछताछ की जा रही है। जल्द कुछ फैक्ट सामने आएंगे, उन्हीं के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। ------------------------------ यह खबर भी पढ़ें : प्रयागराज के रीलबाज दरोगा का नया वीडियो, बेटियों के साथ घर की दूसरी मंजिल से बाढ़ में लगाई छलांग प्रयागराज में बाढ़ के बीच रीलबाज दरोगा का नया वीडियो सामने आया है। इसमें वो अपनी बेटियों के साथ दूसरी मंजिल से छलांग लगाते दिख रहे हैं। बैकग्राउंड में गाना बज रहा है- ये प्रयागराज है। 1 अगस्त को गंगा का जलस्तर जब बढ़ना शुरू हुआ तब दरोगा चंद्रदीप निषाद के घर तक पानी पहुंचा। उन्होंने एक-एक कर सोशल मीडिया पर 3 वीडियो शेयर किए। इनमें वह कभी घर की चौखट पर गंगा की पूजा, तो कभी घर के अंदर डुबकी और बालकनी से छलांग लगाते दिखे। मंगलवार को दरोगा की एक और रील सामने आई है। पढ़िए पूरी खबर...

What's Your Reaction?






