पीलीभीत में शारदा नदी का जलस्तर बढ़ा:बैराज से 1.58 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, नदी किनारे के गांवों में बाढ़ का खतरा
पीलीभीत में मैदानी और पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब शारदा नदी के जलस्तर पर दिखने लगा है। सोमवार को शारदा नदी में डेढ़ लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे नदी किनारे बसे गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। 4 अगस्त 2025 की सुबह 9 बजे तक के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार शारदा बैराज बनबसा से कुल 1,58,564 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा गया है। डाउनस्ट्रीम डिस्चार्ज 1,51,980 क्यूसेक रिकॉर्ड किया गया है। वर्तमान में अपस्ट्रीम स्तर 223.00 मीटर और डाउनस्ट्रीम स्तर 219.55 मीटर है। रेड लाइन लेवल 221.70 मीटर निर्धारित है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मौसम भी अभी बादलों से घिरा हुआ है। इससे खतरा और बढ़ गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासनिक टीमें अलर्ट मोड में आ गई हैं। प्रशासन ने सभी राहत चौकियों को सक्रिय कर दिया बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कर लोगों को जागरुक किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। शारदा नदी हर साल बरसात के मौसम में अपना रौद्र रूप दिखाती है। जिले के दर्जनों गांव इस नदी के उफान की चपेट में आकर बाढ़ से प्रभावित होते हैं। इस बार भी हालात गंभीर होते जा रहे हैं। प्रशासन ने सभी राहत चौकियों को सक्रिय कर दिया है। संभावित बाढ़ क्षेत्रों में नावें, राशन और चिकित्सा सहायता तैयार रखी गई है। जनता से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की गई है।

What's Your Reaction?






